चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आमजन की शिकायतों के आधार पर प्रदेश स्तर की नीतियों में आवश्यक बदलाव करने का निर्णय लिया गया है, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सके। वे रविवार को स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्टï निवारण समिति की मासिक बैठक के उपरांत पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की शिकायतों के समाधान, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।
सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक में कुल 15 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि दो शिकायतें अगली बैठक के लिए लंबित रखी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों में लापरवाही और अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए बताया कि लंबित कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, उससे हुए नुकसान की भरपाई करवाने और उसे ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
नशा मुक्ति अभियान को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नशे से बचाने और नशा तस्करों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हर महीने नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नशे की गुप्त शिकायतों के लिए मानस पोर्टल शुरू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नशे के कारोबार से अर्जित की गई 90 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति सीज की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

