चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प हरियाणा की युवा शक्ति को नशे के चंगुल से बचाकर उसे खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। नशे के सौदागरों के प्रति सरकार की नीति पूरी तरह कठोर है, जबकि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ काम किया जा रहा है। नशे का कारोबार करने वाले या तो यह धंधा छोड़ दें या हरियाणा छोड़ दें, प्रदेश की धरती पर उनके लिए कोई जगह नहीं है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को सिरसा जिले के कालांवाली में नशा मुक्ति हरियाणा के संकल्प के साथ आयोजित यूथ मैराथन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने 5 किलोमीटर की दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। मैराथन में 18 वर्ष से कम, 18 से 45 वर्ष तथा 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के एक लाख चालीस हजार से ज्यादा ने पंजीकरण करवाया*। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की एक साथ भागीदारी को सामाजिक एकजुटता और स्वस्थ जीवन शैली का प्रतीक बताते हुए मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों का अभिनंदन किया।

मैराथन जीवन का भी एक बड़ा सबक सिखाती है। लंबी दौड़ केवल तेज दौड़ने से नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और सही दिशा बनाए रखने से जीती जाती है। जीवन भी एक मैराथन है और नशे का रास्ता कुछ समय का आकर्षण दिखाकर अंततः इंसान को उसके परिवार, सपनों और भविष्य से दूर कर देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नशे के दुष्प्रभावों को समझाते हुए युवाओं को इससे दूर रहने का संदेश दिया है। युवाओं को कुछ समय का नशा नहीं, बल्कि पूरी जिंदगी की उड़ान चाहिए।
हरियाणा की पहचान दूध-दही और जवानों की धरती के साथ-साथ खेल शक्ति के रूप में भी है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वर्ष 2026 के एशियाई खेलों में भारत द्वारा जीते गए 85 पदकों में से 32 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने हासिल किए। यानी भारत के लगभग हर तीसरे पदक में हरियाणा के खिलाड़ियों का योगदान रहा।

नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सक्रिय किया गया है और पंचकूला में अंतरराज्यीय ड्रग सचिवालय स्थापित किया गया है। जिला, रेंज और राज्य स्तर पर एंटी नारकोटिक्स सेल भी काम कर रहे हैं। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने नशे के कारोबार से अर्जित 94 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की हैं तथा 180 संपत्तियों को ध्वस्त किया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल कार्रवाई दिखाना नहीं, बल्कि नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाकर परिणाम देना है।

