जालंधरः महानगर के गुलाब देवी रोड पर बनी एक जुगाड़ू पुली पर एक हादसा हो गया। जहां से गुजर रहा एक बाइक सवार अचानक नहर में जा गिरा। बताया जा रहा है कि पुली की हालत ठीक नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक सवार गुलाब देवी रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान जब वह नहर पर बनी पुली से निकलने लगा तो अचानक पुली की रेलिंग टूट गई। रेलिंग टूटते ही बाइक सवार अपना संतुलन खो बैठा और बाइक समेत नहर में भरे पानी में जा गिरा। अचानक हुए इस हादसे से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत मदद की और बाइक सवार को नहर से बाहर निकाला। लोगों की मदद से बाइक सवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान मौके पर काफी लोग इकट्ठा हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन और संबंधित विभाग से पुली की हालत सुधारने और इसका पक्का निर्माण करवाने की मांग की। लोगों का कहना है कि पुली की मौजूदा हालत हादसों को न्योता दे रही है। अगर समय रहते इसकी मरम्मत या दोबारा निर्माण नहीं करवाया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इसलिए प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए।

