लोगों ने सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा देने की मांग की
जालंधर: शाहकोट क्षेत्र के गांव तलवंडी संघेड़ा के रहने वाले दो सगे भाइयों की ग्रीस में तेजधार हथियारों से हत्या कर दी गई थी। दोनों भाई बेहतर भविष्य और अपने परिवार का सहारा बनने के सपने लेकर विदेश गए थे, लेकिन उनकी मौत की खबर से परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
3 नवंबर को ग्रीस में हुआ था हमला
जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर को ग्रीस में एक व्यक्ति ने दोनों भाइयों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया था। इस हमले में दोनों भाइयों की मौत हो गई। घटना के बाद से ही परिवार गहरे सदमे में था। विदेश की धरती पर हुई इस घटना ने गांव के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया।
दोनों भाइयों के पार्थिव शरीर गांव तलवंडी संघेड़ा पहुंचने के बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में गांव के लोग, रिश्तेदार और अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से दोनों भाइयों को अंतिम विदाई दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए अरदास की।
इस दुखद मौके पर कई राजनीतिक लोग भी परिवार के साथ दुख साझा करने पहुंचे। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा दिया जाए। उनका कहना था कि परिवार ने अपने दो बेटों को खो दिया है। ऐसे मुश्किल समय में सरकार को परिवार की मदद के लिए आगे आना चाहिए, ताकि उन्हें कुछ राहत मिल सके।

