जालंधरः गदईपुर स्थित कालिया कॉलोनी नहर से रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान न्यू अर्जुन नगर पृथ्वी नगर निवासी विशाल के रूप में हुई है। वह एक फैक्टरी में काम करता था। परिवार ने आशंका जताई है कि विशाल की हत्या करने के बाद उसका शव और एक्टिवा नहर में फेंकी गई है।
विशाल की पत्नी रजनी ने बताया कि शनिवार रात करीब 8 बजे फोन पर बात हुई थी। इस दौरान उसने जल्द घर लौटने को कहा था,लेकिन रात करीब 9:30 बजे के बाद जब पत्नी ने कई बार फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। जिसके बाद परिवार के सदस्य उसकी तलाश में जुट गए। रविवार सुबह परिजनों द्वारा फैक्टरी से घर आने वाले रास्ते पर आसपास के सुनसान इलाकों में उसकी तलाश की गई।
इस दौरान कालिया कॉलोनी नहर में विशाल का शव पड़ा मिला। परिवार ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। परिजनों ने अपने स्तर पर जांच करते आशंका जताई कि शनिवार रात विशाल का किसी के साथ झगड़ा हुआ था और इसी के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। सूचना मिलने पर थाना नंबर-8 की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जालंधर भेज दिया।
थाना नंबर-8 के जांच अधिकारी एएसआई गुरदीप सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि गदईपुर की कालिया कॉलोनी नहर में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचा दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नहर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।

