1,387.49 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित
शिमला: हिमाचल को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने नवीकरणीय ऊर्जा स्त्रोतों के सर्वोतम दोहन सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पाेरेशन लिमिटेड (एचपीपीसीएल) ने दिसंबर, 2022 से पिछले चार वर्षों के दौरान रिकॉर्ड 3,459.99 मिलियन यूनिट (एमयू) बिजली का उत्पादन कर 1,387.49 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। कुल्लू जिले की 100 मेगावाट क्षमता की सैंज जलविद्युत परियोजना ने 1,252.56 एमयू बिजली का उत्पादन कर 462.55 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है।
इसी प्रकार किन्नौर जिले की 65 मेगावाट क्षमता की काशांग चरण-प् जलविद्युत परियोजना से 776.328 एमयू बिजली का उत्पादन हुआ है, जिससे 252 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। बिलासपुर जिले की 5 मेगावाट क्षमता की बेरा डोल सौर ऊर्जा परियोजना ने 62.78 एमयू बिजली का उत्पादन कर 27.05 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। शिमला जिले में 11 मेगावाट क्षमता वाली सावरा कुड्डूू जलविद्युत परियोजना से 1,190.383 एमयू बिजली का उत्पादन हुआ, जिससे 589.6 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने 20 जून, 2024 को ऊना जिले में 32 मेगावाट क्षमता वाली महत्त्वाकांक्षी सौर ऊर्जा परियोजना पेखुबेला का उद्घाटन किया था। इस परियोजना ने 113.27 एमयू विद्युत उत्पादन कर 32.89 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। इसी तरह, ऊना जिले की 5 मेगावाट क्षमता वाली भंजाल सौर ऊर्जा परियोजना से 18.87 एमयू बिजली का उत्पादन हुआ और 6.83 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। ऊना जिले की ही 10 मेगावाट क्षमता वाली अघलौर सौर ऊर्जा परियोजना ने 25.02 एमयू बिजली का उत्पादन कर 7.75 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया।
सिरमौर जिले की 40 मेगावाट क्षमता की रेणुकाजी बांध परियोजना की डायवर्जन टनल का निर्माण कार्य जारी है, जबकि मुख्य बांध के निर्माण कार्य का आवंटन आगामी वित्त वर्ष में किए जाने की संभावना है।

