बद्दी। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) की ओर से बद्दी स्थित बिरला कंपनी में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इसमें कंपनी के 160 कामगारों के स्वास्थ्य की जांच की गई और जरूरतमंदों को मौके पर ही दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। शिविर का शुभारंभ ESIC के उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुगीत टंडन ने किया। शिविर में ईएसआईसी के चिकित्सक डॉ. मनीष चौधरी और उनकी टीम ने कामगारों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। चिकित्सकों के अनुसार बदलते मौसम के कारण खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित कामगार अधिक संख्या में पहुंचे। इन मरीजों की जांच कर मौके पर ही उपचार और दवाइयां दी गईं।
इस अवसर पर डॉ. सुगीत टंडन ने कहा कि निगम का प्रयास प्रदेश में स्वस्थ कार्यबल तैयार करना है। कामगार स्वस्थ रहेंगे तो उद्योगों की कार्यक्षमता भी बेहतर बनी रहेगी। ईएसआईसी की योजना है कि विभिन्न उद्योगों में इस तरह के स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएं, ताकि कर्मचारियों को अपनी कंपनी में ही स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा मिल सके। इससे कामगारों को अस्पताल जाने के लिए समय निकालने की परेशानी भी कम होगी। शिविर के दौरान कंपनी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हितेंद्र कुमार तिवारी, चैंबर ऑफ कामर्स हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब इकाई के सलाहकार देवव्रत यादव, डीजीएम (एचआर) सचिन मिन्हास, कामगार नेता निक्का राम, अरुण ठाकुर, पप्पू कुमार सिंह, राधा नारायण राणा, जीवन ज्योति, रखित, नर्स सुरजीत कौर और मनीष कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
