बुधान घाट पर पानी में तैरता मिला बिलासपुर निवासी अनिल कुमार का शव, पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला
ऊना: जिला ऊना के उपमंडल वंगाणा के तहत गोविंद सागर झील के बुधान घाट पर बुधवार को एक 44 वर्षीय व्यक्ति का शव पानी में तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अनिल कुमार पुत्र मनोहर लाल निवासी गांव एवं डाकघर लाडिसरेल, तहसील एवं जिला बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण झील में डूबना माना जा रहा है। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को बंगाणा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोविंद सागर झील के बुधान घाट पर स्थानीय लोगों ने पानी में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ देखा। इसके बाद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बंगाणा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को झील से बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि मृतक अनिल कुमार बिलासपुर जिले का निवासी था। वह किन परिस्थितियों में झील तक पहुंचा और पानी में कैसे डूबा, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। घटना को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से शव को झील से बाहर निकलवाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई कर रही है।
