कोलकाताः कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। विमान के शौचालय के शीशे पर हाईजैक से संबंधित धमकी भरा संदेश लिखा हुआ मिला।
जानकारी के मुताबिक विमान उड़ान भरने की तैयारी में था। इसी दौरान शौचालय के शीशे पर लिखे धमकी भरे संदेश पर नजर पड़ी। घटना की जानकारी मिलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अलर्ट कर दिया। जिसके बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और एयरपोर्ट के विशेष सुरक्षा अधिकारियों ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया। विमान के अंदर किसी भी संदिग्ध वस्तु की मौजूदगी का पता लगाने के लिए चप्पे-चप्पे की जांच की जा रही है।
