शिमला: उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज कहा कि किसी भी सरकार की वास्तविक उपलब्धियों की असल परीक्षा चुनाव एवं उप-चुनाव के दौरान होती है जब जागरूक मतदाता अपने वोट से कल्याणकारी सरकार का गठन सुनिश्चित करते हैं या फिर मौजूदा सरकार को और अधिक सशक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस की कार्य प्रणाली, नीतियों एवं गारंटियों पर प्रदेशवासियों ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में उस समय मुहर लगाई थी जब प्रचंड बहुमत से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली लोकप्रिय सरकार का गठन हुआ।
उन्होंने कहा कि हमारी उपलब्धियों, गारंटियों की पूर्ति, जनहित में चलाई जा रही योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास की प्रतिबद्धता पर हिमाचल की जनता ने उप-चुनावों के समय एक बार पुनः मुहर लगाई। उप-चुनावों में भाजपा को मिली शर्मनाक हार इस बात का उपयुक्त उदाहरण है कि संविधान की गरिमा को ठेस पहुंचाने, राजनीतिक षड़यत्रों से सरकार गिराने और धन-बल से जन-बल को कुचलने के प्रयासों को हिमाचल की प्रबुद्ध जनता कभी सफल नहीं होने देगी।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश हितों की रक्षा और राज्य की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए हैैं। उन्होंने कहा कि कड़छम-वांगतू जलविद्युत् परियोजना की लड़ाई उच्चतम न्यायालय में राज्य सरकार ने मजबूती से लड़ी जिसके फलस्वरूप निर्णय हिमाचल के पक्ष में आया है।
