बीकानेर: भाई-बहन के प्रेम और स्नेह के प्रतीक भाईदूज पर जिले के छत्तरगढ़ क्षेत्र के 9AWM गांव में ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। पानी से भरी खेत की डिग्गी में डूबने से चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन सगे भाई-बहन और उनके चाचा का पुत्र शामिल है। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक छा गया। एक ही परिवार के चार बच्चों की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
छतरगढ़ थाना अधिकारी नवनीत सिंह ने बताया कि परिवार के बच्चे और युवक खेल रहे थे। इसी दौरान एक बच्ची अचानक पानी से भरी डिग्गी में जा गिरी। बच्ची को डूबता देख वहां मौजूद उसके भाई और अन्य परिजन बचाने के लिए डिग्गी में उतर गए। बचाव की यह कोशिश देखते ही देखते बड़े हादसे में बदल गई। एक के बाद एक चारों पानी में डूब गए और मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार दो भाइयों के बच्चे एक साथ खेल रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। एक बच्ची को बचाने के प्रयास में परिवार के चार सदस्यों की जान चली गई। कुछ देर पहले जहां हंसी-खुशी का माहौल था, वहां चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही थानाधिकारी नवनीत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई। चारों शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। एक ही परिवार के चार भाई-बहन की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
