चंडीगढ़: हरियाणा की खेल नीति और खिलाड़ियों की उपलब्धियों में एक और स्वर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा आगामी 30 अक्टूबर को भिवानी के भीम स्टेडियम में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में जापान में आयोजित एशियाई और पैरा एशियाई खेल-2026 के पदक विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को नकद पुरस्कारों और सरकारी नौकरियों से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी देते हुए हरियाणा के खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने बताया कि इस समारोह के मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी होंगे, जो अपने हाथों से खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। वहीं, खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के प्रोत्साहन में कोई कमी नहीं छोड़ रही है। इस राज्य स्तरीय समारोह में 185 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार खिलाड़ियों के बीच वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि एशियाई गेम्स के 134 खिलाड़ियों को लगभग 133 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इन खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 32 पदक (14 स्वर्ण, 9 रजत और 9 कांस्य पदक) देश की झोली में डाले थे।