मूर्ति स्थापना दिवस समारोह को लेकर तैयारियां पूरी
8 ओर 9 मई को होगा गरीबदास बाणी पाठ
ऊना (8 मई) सुशील पंडित : जिला ऊना के कोटला खुर्द स्थित व्यास नगर में 10 मई को विशाल संत समागम एवं मूर्ति स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आध्यात्मिक आयोजन पूज्य राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज जी के आशीर्वाद तथा साध्वी कृष्ण प्रिया दासी के सानिध्य में वृंदावन निकुंज निवास, श्री श्री 1008 उमा माता जी की कुटिया में आयोजित होगा। जानकारी देते हुए व्यास कुटिया प्रमुख साध्वी कृष्ण प्रिया दासी ने बताया कि इस अवसर पर श्री श्री 1008 पूज्य श्री विष्णु देवा नन्द जी की 21वीं पुण्यतिथि तथा पूज्य साध्वी उमा माता जी का मूर्ति स्थापना दिवस श्रद्धा एवं भक्ति भाव से मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 8 और 9 मई 2026 को कुटिया परिसर में गरीबदास बाणी का अखंड पाठ आयोजित किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ शुक्रवार को विधिवत रूप से हुआ। अखंड पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
साध्वी कृष्ण प्रिया दासी ने बताया कि 10 मई को राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज जी के मुखारविंद से भक्तजनों को प्रभु रस एवं सत्संग सुनने का सौभाग्य प्राप्त होगा। इसी दिन विशाल संत सम्मेलन और विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संत महासम्मेलन में अनेक प्रसिद्ध संत-महात्मा पधारकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे। इनमें श्री कृष्ण दास जी महाराज अंबाला वाले, रामानंद स्वामी अजनौली वाले, संत योगदास जी होशियारपुर, संत सोम प्रकाश जी मलेरकोटला, साध्वी यमुना माता जी सलोह, संत मंगलानंद जी महादेव मंदिर, संत विष्णु देवा नन्द जी जोगीपंगा, भरमौति मंदिर वाले संत, संत श्री ध्यान प्रकाश आनंद जी महाराज अमृतसर, संतोषानंद जी महाराज गरली प्रागपुर तथा संत ब्रह्मानंद जी महाराज लुधियाना सहित कई संत-महात्मा शामिल होंगे।
