-पूर्व विधायक ओपी रतन ने किया राशन वितरण, हिमोत्कर्ष परिषद 2013 से जरूरतमंद महिलाओं को दे रही सहायता
ऊना,सुशील पंडित: हिमोत्कर्ष परिषद द्वारा अमोदिनी प्रकल्प के तहत मेहनतकश एवं पात्र विधवा महिलाओं की सहायता के लिए रविवार को बचत भवन ऊना में नि:शुल्क राशन वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक ओपी रतन ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान दानवीर सहयोगियों के सहयोग से चयनित 44 विधवा महिलाओं को करीब 99 हजार रुपये मूल्य के राशन बैग वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात हिमोत्कर्ष महिला मंच की सदस्यों ने वंदे मातरम् प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि ओपी रतन ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के साधन संपन्न लोगों को जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे बढऩे के समान अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि हिमोत्कर्ष संस्था लंबे समय से समाजसेवा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान दे रही है। संस्था के संस्थापक स्वर्गीय कंवर हरि सिंह ने समाजसेवा की जो प्रेरणा दी थी, उसी मार्ग पर चलते हुए आज अनेक संस्थाएं जिला ऊना में जरूरतमंद लोगों की सहायता कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार के क्षेत्र में स्थापित करने के लिए उच्च शिक्षा के साथ व्यावसायिक शिक्षा भी बेहद जरूरी है। व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं और अपने परिवार के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। हिमोत्कर्ष परिषद के अध्यक्ष जतिंदर कंवर ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए परिषद की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परिषद द्वारा वर्ष 2013 से अमोदिनी राशन वितरण प्रकल्प संचालित किया जा रहा है। इसके तहत प्रतिवर्ष जरूरतमंद पात्र विधवा महिलाओं का चयन कर उन्हें राशन सहायता प्रदान की जाती है।
अब तक इस प्रकल्प के माध्यम से करीब 850 महिलाओं को 70 लाख रुपये की राशन सामग्री एवं अन्य सहायता दानवीर सहयोगियों के सहयोग से उपलब्ध करवाई जा चुकी है। इस वर्ष भी 44 पात्र महिलाओं का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि परिषद द्वारा संचालित महिला प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से छात्राओं को कटिंग-टेलरिंग, फैशन डिजाइनिंग एवं हॉबी कोर्सेज का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे हुनरमंद बनकर स्वरोजगार अपना सकें। इसके अतिरिक्त परिषद ने जरूरतमंद रोगियों के लिए ऊना में सस्ती दरों पर एंबुलेंस सुविधा शुरू की है।
मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और कॉलेज फीस के लिए भी आर्थिक सहयोग दिया जाता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक एक दर्जन से अधिक विद्यार्थियों को कॉलेज फीस के रूप में एक लाख रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की जा चुकी है। इसके अलावा जरूरतमंद रोगियों के उपचार में भी परिषद लगातार सहयोग कर रही है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ओपी रतन को हिमोत्कर्ष परिषद की ओर से शॉल एवं टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन परिषद के जिलाध्यक्ष करनपाल मनकोटिया एवं हिमोत्कर्ष महिला मंच की सचिव पूजा कपिला ने किया। परिषद की संयुक्त सचिव अनूपा ठाकुर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर हिमोत्कर्ष परिषद के अध्यक्ष जतिंदर कंवर, प्रदेश महासचिव नरेश सैनी, उपाध्यक्ष प्रो. बीके शर्मा, संयुक्त सचिव अनूपा ठाकुर, जिलाध्यक्ष करणपाल सिंह मनकोटिया, हिमोत्कर्ष महिला मंच की सचिव पूजा कपिला, शेषपाल सिंह, महेंद्र वर्मा, अजय शर्मा, नरेंद्रजीत सिंह राणा, वीके लखनपाल, आरएन शारदा, पीएस जसवाल, रविंद्र मेहता, इंद्रजीत सिंह, विजय आंगरा, सोमनाथ कौशल, सुदेश अरोड़ा, रविंद्र डोगरा, जोगिंद्र सिंह, एचएन सेठी, सुरेश कुमार शर्मा, मुनिंद्र अरोड़ा, सुधीर चौधरी, मणि कुमार, राज कुमार, निशांत कुमार, रंजू, निशा, कमला देवी, हिमोत्कर्ष प्रशिक्षण केंद्र की छात्राओं सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

