सहकारी सभाओं के हितों की रक्षा के लिए कठोर कानून बनाने की उठाई मांग
ऊना,सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश कॉपरेटिव सोसाइटी संघ के प्रदेशाध्यक्ष एवं युवा कांग्रेस नेता प्रवीण शर्मा अपनी प्रदेश कार्यकारिणी सहित माननीय उप मुख्यमंत्री एवं सहकारिता मंत्री से मिले। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने सहकारी सभाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर मंत्री महोदय के साथ विस्तृत बैठक की।
आधे घंटे तक चली इस बैठक में सहकारी सभाओं के हितों, उनके संचालन, कर्मचारियों की जवाबदेही और बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। प्रदेशाध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने बैठक के दौरान सहकारी सभाओं की विभिन्न मांगों को मंत्री महोदय के समक्ष रखा। उप मुख्यमंत्री एवं सहकारिता मंत्री ने सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष ने अपनी कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों का मंत्री महोदय से उनके पद और जिम्मेदारी के अनुसार परिचय भी करवाया।
सहकारी सभाओं को मजबूत बनाने के लिए सरकार तैयार ,डिप्टी सीएम
बैठक के दौरान डिप्टी सीएम एवं सहकारिता मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सहकारी सभाओं को प्रदेश की आर्थिक और सामाजिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बेहतर ढंग से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह लॉ कॉलेज बढेड़ा ने सहकारिता के क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन किया है, उसी तरह अन्य सहकारी सभाओं को भी ऐसे उदाहरण प्रस्तुत करने चाहिए।
मंत्री महोदय ने कहा कि वह सहकारी सभाओं की मदद के लिए तैयार हैं और उनके विकास एवं मजबूती के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने संघ के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि सहकारी क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा।
गलत काम करने वाले सचिवों के खिलाफ कठोर कानून की मांग
प्रदेशाध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने सहकारी सभाओं में कार्यरत कुछ सचिवों द्वारा कथित तौर पर गलत कार्य किए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मांग की कि ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कानून बनाया जाए, ताकि सहकारी सभाओं में पारदर्शिता बनी रहे और गलत काम करने वाले कर्मचारियों के मन में कानून का डर पैदा हो।
उन्होंने कहा कि सहकारी सभाएं आम लोगों की मेहनत की जमा पूंजी से संचालित होती हैं। ऐसे में इनके संचालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और गलत कार्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का प्रावधान होना चाहिए।
कांगड़ा बैंक की स्कीमों पर जताई नाराजगी, नया बैंक खोलने पर विचार
बैठक में कांगड़ा बैंक की ब्याज दरों और कथित तौर पर गलत स्कीमों को लेकर भी चिंता जताई गई। प्रवीण शर्मा ने कहा कि कांगड़ा बैंक द्वारा सहकारी सभाओं को कम ब्याज दिया जा रहा है और कुछ ऐसी स्कीमें लाई जा रही हैं, जिनसे सहकारी सभाओं को नुकसान हो रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि बैंक इन स्कीमों को बंद नहीं करता और सहकारी सभाओं के हितों की रक्षा के लिए उचित कदम नहीं उठाता, तो सहकारी सभाएं एक नया बैंक खोलने पर विचार कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि सहकारी सभाओं के आर्थिक हितों की रक्षा करना बेहद जरूरी है और बैंकिंग व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिससे सहकारी संस्थाओं को मजबूती मिले।
बैठक में मंत्री महोदय ने सभी पदाधिकारियों का मुलाकात के लिए आने पर धन्यवाद किया। संघ के पदाधिकारियों ने भी अपनी मांगों को गंभीरता से सुनने और उन्हें पूरा करने का आश्वासन देने के लिए मंत्री महोदय का आभार व्यक्त किया।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष प्रवीण शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश कुमार, संगठन प्रमुख धीरज शर्मा, उपाध्यक्ष अमित शर्मा, महासचिव महावीर, प्रेस सचिव विपन शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप शर्मा, प्रदेश उप सचिव प्रशांत ठाकुर, प्रदेश उप सचिव प्रदीप डोगरा, ऊना जिला अध्यक्ष सोम नाथ, जिला महासचिव मुकेश कुमार, गगरेट ब्लॉक प्रधान संदीप कुमार, ऊना जिला उपाध्यक्ष अनिता राणा, ऊना ब्लॉक प्रधान राज कुमार, अम्ब से राकेश कुमार, हरोली से रितु, राहुल और अजय, ऊना से मोहित, गगरेट से कुलवीर और आशीष तथा गगरेट के उपाध्यक्ष रमिंदर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

