चंडीगढ़/वाराणसी: श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित आयोजनों में शामिल होने के लिए कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, डॉ. रवजोत सिंह और हरभजन सिंह ई.टी.ओ., पर्यटन मंत्री स. तरुणप्रीत सिंह सौंद और डा. बलजीत कौर के नेतृत्व में भगवंत मान सरकार का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल साथी मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, धार्मिक नेताओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं सहित वाराणसी पहुंचा।
वर्षभर चलने वाले इन आयोजनों के तहत मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा 30 नवंबर को सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से लगभग 1,232 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली अब तक की सबसे लंबी ऐतिहासिक शोभायात्रा रवाना की जाएगी। यह चार दिवसीय धार्मिक यात्रा विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए 3 दिसंबर, 2026 को श्री खुरालगढ़ साहिब में संपन्न होगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा, “मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की विशेष पहल के तहत श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व पूरे पंजाब में बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है। राज्य के विभिन्न दिशाओं से चार प्रमुख शोभायात्राएं आरंभ होंगी और श्री खुरालगढ़ साहिब में संपन्न होंगी। इनमें से एक शोभायात्रा 30 नवंबर को पवित्र धरती सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से शुरू होगी, जिसके लिए कैबिनेट मंत्री, सांसद, पार्टी नेता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस पवित्र नगरी में पहुंचे हैं।”
आभार व्यक्त करते हुए डॉ. रवजोत सिंह ने कहा, “मैं इतने बड़े स्तर पर आयोजन करवाने के प्रयासों के लिए संगत और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का धन्यवाद करता हूं। इस ऐतिहासिक अवसर को समर्पित पूरे पंजाब में विशेष धार्मिक यात्राएं भी निकाली जाएंगी। मैं समस्त संगत को हार्दिक बधाई देता हूं और सभी की अच्छी सेहत, खुशहाली तथा निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना करता हूं।”
पंजाब के लोगों से अपील करते हुए हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा, “श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व हम सभी के लिए एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण अवसर है। मैं हर पंजाबी से अपील करता हूं कि वह इन आयोजनों में पूरे उत्साह, श्रद्धा और सम्मान के साथ शामिल हो तथा गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त करे।”

