चंडीगढ़ / लुधियाना: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने यहां कहा कि दशकों तक लोगों को भ्रमित करने वाली पार्टियों को फिर से नकारते हुए पंजाब के लोग राज्य की तरक्की और खुशहाली के लिए एक बार फिर आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार को चुनेंगे। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि जैसे भाजपा ने नितीश कुमार, शरद पवार और उद्धव ठाकरे से जुड़ी क्षेत्रीय राजनीतिक ताकतों को कमजोर किया है, उसी तरह यह पार्टी अकाली दल को भी निगल जाएगी।
अपनी सरकार की प्राथमिकताओं को दोहराते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि सरकार का मुख्य ध्यान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, कृषि के लिए दिन के समय बिजली, नहरी पानी और गांवों के विकास पर केंद्रित है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले मंगलवार को महिलाओं के मोबाइल फोन पर फिर से सम्मान राशि की ‘टूं-टूं’ होगी। अपने ‘एक्स’ हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लिखा, “आज विधानसभा हलका दाखा के गांव हांस कलां में ‘लोक मिलनी’ के दौरान इलाके के निवासियों खासकर माताओं, बहनों और बुजुर्गों द्वारा दिए गए अपार प्यार और सम्मान के लिए तहे दिल से धन्यवाद।

आपकी भरपूर उपस्थिति और उत्साह हमें और भी समर्पित भावना से पंजाब की सेवा करने के लिए प्रेरित करता है। हमारी राजनीति सिर्फ खोखले नारों की नहीं है, बल्कि हम बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, कृषि के लिए दिन के समय बिजली, नहरी पानी और गांवों के विकास को सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी ओर से पंजाब की तरक्की और खुशहाली का यह सफर इसी प्रतिबद्धता और दृढ़ता के साथ जारी रहेगा।”
“कांग्रेस भी आंतरिक कलह में उलझी हुई है। इसके नेता पंजाब और यहां के लोगों के मुद्दे उठाने के बजाय गुटबाजी की राजनीति में ज्यादा उलझे रहते हैं। उन्होंने कहा कि जब सत्ता संभालने के तुरंत बाद ‘आप’ सरकार ने अपने किए वादे पूरे करने शुरू कर दिए, उसके बाद ही इन विरोधी पार्टियों को जमीनी स्तर पर लोगों के बीच जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। ये राजनीतिक नेता अक्सर चुनावों से पहले पैसे और अन्य लालच देकर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश करते आए थे, लेकिन लोग अब काम के आधार पर नेता चुनने के महत्व को समझ चुके हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “शिक्षा गरीबी से बाहर निकालने और सुनहरा भविष्य बनाने का सबसे शक्तिशाली माध्यम है। सरकारी कल्याणकारी योजनाएं लोगों को तत्काल राहत प्रदान कर सकती हैं, लेकिन शिक्षा ही बच्चों को अधिकारी, पेशेवर और सफल नागरिक बनने के योग्य बनाती है।” “सरकार यूपीएससी परीक्षाओं की तैयारी के लिए केंद्र स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है, ताकि पंजाब के विद्यार्थी, विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आने वाले युवा, सिविल सेवाओं और अन्य प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने के लिए मुकाबला कर सकें।”
“मैं लोगों से सहयोग की अपील करता हूं और उनसे आग्रह करता हूं कि वे पंजाब के विकास में अपना योगदान निरंतर देते रहें। राज्य सरकार ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण भावना के साथ लोगों की सेवा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हम समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए दृढ़ संकल्पित हैं और इस नेक कार्य को पूरा करने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जा रही है।”

