पंचकूलाः पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के चार साल पुराने मामले में जिला कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए दोषी पति को उम्रकैद की सजा सुनाई है। कोर्ट ने दोषी सरवन बिंद पर 50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। मामला 8 जुलाई 2022 का है, जब रायपुररानी एरिया में आरोपी ने पत्नी ममता के सिर पर ईंट से वार कर उसकी जान ले ली थी। घटना के समय दंपती के बच्चे भी मौके पर मौजूद थे। सुनवाई के दौरान मृतका के नाबालिग बेटे की गवाही से आरोपी को सजा दिलाने के लिए सबसे अहम कड़ी साबित हुई।
मूल रूप से बिहार के पटना का रहने वाला सरवन बिंद वारदात के समय रायपुररानी में एक ईंट भट्टे पर मजदूरी करता था। वह अपने परिवार के साथ वहीं बनी झुग्गी में रह रहा था। पुलिस जांच में यह बात सामने आई थी कि सरवन अपनी पत्नी ममता के चरित्र पर शक करता था। इसी संदेह को लेकर दोनों के बीच आए दिन कहासुनी और विवाद होते रहते थे। घटना वाली रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर सरवन ने ईंट उठाई और पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
8 जुलाई 2022 की रात हुए झगड़े के बाद अगली सुबह पास की झुग्गी में रहने वाले धनंजय ने सरवन के बच्चों को बाहर रोते हुए देखा। अनहोनी की आशंका के चलते जब धनंजय झुग्गी के भीतर पहुंचा तो वहां ममता का शव खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा था। सरवन भी वहीं मौजूद था। पूछताछ में उसने धनंजय के सामने स्वीकार किया कि रात को झगड़े के दौरान उसने ईंट से वार कर पत्नी की हत्या कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी सरवन वहां से फरार हो चुका था। रायपुररानी थाना पुलिस ने जुलाई 2022 में हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में चले ट्रायल के दौरान सरकारी वकील ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए दोषी को कठोर सजा देने की पैरवी की।

