बदायूंः जिले के थाना अलापुर क्षेत्र में एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों के साथ मारपीट किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां मजदूरों ने कुछ लोगों पर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटने, महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने और उन्हें बंधक बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
वहीं घटना की वीडियों भी सामने आया है, जोकि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर मजदूरों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
पीड़ित मजदूरों का आरोप है कि उनके साथ मारपीट कर उन्हें प्रताड़ित किया गया और महिलाओं के साथ भी अभद्रता की गई। मामले को लेकर पीड़ितों ने थाना अलापुर पुलिस को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ऐसे में अब देखना होगा कि पुलिस वायरल वीडियो और पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर क्या कार्रवाई करती है।

