शिमलाः हिमाचल प्रदेश में किन्नौर जिले के रिकांग पिओ स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में नौवीं कक्षा के एक छात्र के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद 6 छात्रों को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
किन्नौर की उपायुक्त सोनाक्षी तोमर ने बताया कि प्रशासन ने विद्यालय के प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और घटना के समय ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों तथा वार्डन की जिम्मेदारी और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग और बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की टीमों ने प्रारंभिक जांच के लिए विद्यालय का दौरा किया है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पीड़ित छात्र और उसके माता-पिता को परामर्श दिया जा रहा है। वीडियो में 11वीं और 12वीं कक्षा के पांच-छह छात्र पीड़ित के साथ मारपीट करते दिखाई देते हैं। कथित तौर पर सितंबर में हुई इस घटना का वीडियो वीरवार को वायरल हुआ।
अधिकारियों के अनुसार प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि स्कूल परिसर के भीतर छात्रों को फोन ले जाने की अनुमति कैसे मिली। इसके अलावा बिना अनुमति के छात्रों के स्कूल परिसर से बाहर जाने सहित कुछ अन्य अनियमितताएं भी सामने आई है। वीडियो में मारपीट कर रहे छात्र पहले पीड़ित को बिस्तर पर गिराते और फिर फर्श पर पटकते दिखते हैं।
इस दौरान हमलावर गाली-गलौज करते और धमकियां देते भी सुनाई दे रहे है। सूत्रों के मुताबिक पीड़ित छात्र का कुछ दिन पहले एक अन्य छात्र के साथ कथित तौर पर झगड़ा हुआ था। हालांकि इस हमले के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सुशील शर्मा ने बताया कि मारपीट में शामिल छात्र नाबालिग हैं इसलिए पुलिस समिति के निष्कर्षों का इंतजार कर रही है।

