नई दिल्लीः भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने पश्चिम बंगाल स्थित बिसलेरी इंटरनेशनल के एक संयंत्र से लिए गए पैकेज्ड पेयजल के नमूने के प्रयोगशाला जांच में विफल रहने के बाद कंपनी के खिलाफ एक अन्य मुकदमे की मंजूरी दे दी। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
इससे पहले रविवार को FSSAI ने गोवा स्थित कंपनी के एक अन्य संयंत्र से लिए नमूने के जांच में विफल रहने के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ इसी तरह की कानूनी कार्रवाई की घोषणा की थी। सूत्रों के अनुसार ताजा मामले में बिसलेरी के पैकेज्ड पेयजल का आधिकारिक नमूना असुरक्षित पाया गया और इसमें कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई। ये नमूना पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव स्थित संयंत्र से लिया गया था।
सूत्रों ने बताया कि प्राथमिक और रेफरल, दोनों प्रयोगशालाओं की जांच में पानी में ‘कोलीफॉर्म बैक्टीरिया’ की मौजूदगी की पुष्टि हुई। सूत्रों ने बताया कि एफएसएसआई ने 12 अगस्त, 2026 को केवल एक बैच की बिक्री पर रोक लगाई थी।
FSSAI ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को देखते बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी है। FSSAI ने बताया कि नमूना निर्धारित ब्रोमेट सीमा के मानकों पर खरा नहीं उतरा और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत उसे असुरक्षित घोषित किया गया।
FSSAI के अनुसार कंपनी की अपील के बाद नमूने को रेफरल खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया, जहां जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मौजूदगी के कारण उसे असुरक्षित घोषित किया गया। वहीं बिसलेरी ने सोमवार को दावा किया कि उसका उत्पाद पीने के लिए सुरक्षित है। कंपनी ने कहा कि वह इस मामले के समाधान के लिए FSSAI के साथ पूरा सहयोग करेगी।

