नई दिल्ली: सरकार ने टोल को लेकर सख्त नियम अपनाने शुरु कर दिए हैं। मल्टी लेन फ्री फ्लो टोलिंग सिस्टम के अंतगर्त टोल से बचने के लिए गाड़ियों की नंबर प्लेट छिपाने, उसके साथ छेड़छाड़ करने या फिर फास्टैग नहीं लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने ऐसे वाहन चालकों पर निर्धारित टोल टैक्स का पांच गुना जुर्माना लगाने का फैसला किया है। मंत्रालय के अनुसार, यह जुर्माना टोल टैक्स की वसूली के एक्स्ट्रा लगाया जाएगा। ऐसे में वाहन चालक को वास्तविक टोल शुल्क के साथ पांच गुना एक्स्ट्रा जुर्माना देना पड़ेगा।
MLFF सिस्टम के अंतर्गत होगी कार्रवाई
मल्टी लेन फ्री फ्लो एक ऐसी आधुनिक टोलिंग प्रणाली है जिसमें टोल प्लाजा पर वाहनों को रुकने की जरुरत नहीं होती। इस व्यवस्था में सड़क के ऊपर लगे हुए गैट्री पर फास्टैग रीडर और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन कैमरे वाहनों की पहचान करते हैं। निर्धारित टोल शुल्क अपने आप काट लिया जाता है। इस टेक्नोलॉजी से टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारों, ट्रैफिक जाम, ईंधन की खपत और प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी।
नंबर प्लेट छिपाने पर की जाएगी कार्रवाई
मंत्रालय के अनुसार, पांच गुना जुर्माना उन्हीं मामलों में लगे जिसमें यह साबित होगा कि वाहन चालक ने जानबूझकर टोल शुल्क से बचने के इरादे से नंबर प्लेट को छिपाया है। उसके साथ छेड़छाड़ की या फिर फास्टैग नहीं लगाया है। यह कार्रवाई वाहन की आगे की नंबर प्लेट, पीछे की नंबर प्लेट या दोनों को छिपाने के मामलों में भी लागू होगी। खासतौर पर उन परिस्थितियों में जहां फास्टैग भी रीडर की पकड़ में नहीं आएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान एडवांस टेक्नोलॉजी और मजबूत निगरानी व्यवस्था के जरिए होगी।
सरकार ने दी सलाह
मंत्रालय ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट हमेशा स्पष्ट और दिखाई देने योग्य रखें और वाहन पर फास्टैग जरुर लगाएं। इसके साथ ही टोल का समय पर भुगतान कर दें। मंत्रालय ने यह साफ संदेश दे दिया है कि टोल शुल्क से बचने के लिए नंबर प्लेट छिपानी, उसके साथ कोई भी छेड़छाड़ या फिर फास्टैग न लगाना महंगा पड़ेगा। ऐसे मामलों में वाहन चालकों को निर्धारित टोल शुल्क के अलावा पांच गुना जुर्माना भी देना पड़ेगा।

