सोलनः हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में एक बार फिर नकली दवाओं के अवैध कारोबार का बड़ा मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि जिन दवाओं को लोग अपनी बीमारी से राहत पाने के लिए भरोसे के साथ खरीदते हैं, उन्हीं दवाओं की नकल चने के भूसे और पाउडर से तैयार की जा रही थी। नामी कंपनियों के ब्रांडेड नाम और पैकेजिंग का इस्तेमाल कर इन नकली दवाओं को बाजार में खपाने की तैयारी थी।
वाराणसी में नकली दवाओं की खेप पकड़े जाने के बाद उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने नालागढ़ के राजपुरा खेड़ा बाईपास स्थित एक अवैध दवा निर्माण इकाई में छापेमारी कर इस पूरे खेल का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों हसीन, वसीम और मुन्ना उर्फ मोनू कुमार को पकड़ा गया है।
छापेमारी के दौरान टीम को मौके से भारी मात्रा में नकली दवाएं और इनके निर्माण, पैकिंग व छपाई में इस्तेमाल होने वाली मशीनें और उपकरण बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस इकाई में नामी कंपनियों की महंगी और बाजार में अधिक मांग वाली दवाओं की हूबहू नकल तैयार की जा रही थी। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

