पंचकूलाः खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पंचकूला में आगामी 29 नवंबर को पहली बार सर्कल कबड्डी के महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में देश की 32 बेहतरीन टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता को लेकर आयोजित ट्रॉफी अनावरण एवं पोस्टर लॉन्चिंग कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के मुख्य सचेतक एवं आदरणीय राम कुमार कश्यप विशेष रूप से पहुंचे। इस अवसर पर आयोजकों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने बताया कि इससे पहले भी कबड्डी की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती रही हैं, लेकिन युवाओं में सर्कल कबड्डी के प्रति बढ़ते आकर्षण और लोकप्रियता को देखते हुए इस बार पहली बार पंचकूला में सर्कल कबड्डी के महाकुंभ का आयोजन करने का निर्णय लिया गया है। आयोजकों के अनुसार इस प्रतियोगिता की खास बात यह होगी कि इसमें खिलाड़ियों को किसी एक निर्धारित टीम तक सीमित नहीं रखा गया है। खिलाड़ी निर्धारित नियमों और शर्तों के तहत अपनी पसंद की किसी भी टीम में शामिल होकर प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता को रोमांचक और पारदर्शी बनाने के लिए कई विशेष नियम एवं शर्तें भी निर्धारित की गई हैं।
विजेता टीम को 2 लाख और उपविजेता को 1 लाख रुपये
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 2 लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को 1 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा बेस्ट रेडर और बेस्ट कैचर को भी विशेष पुरस्कार के रूप में 21-21 सिक्के प्रदान किए जाएंगे।
राज्यपाल करेंगे उद्घाटन, मंत्री कृष्ण पंवार करेंगे अध्यक्षता
इस खेल महाकुंभ का उद्घाटन हरियाणा के महामहिम राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा सरकार के मंत्री कृष्ण कुमार पंवार करेंगे। इसके अलावा पंचकूला पुलिस के पुलिस आयुक्त तथा एशियाई कबड्डी फेडरेशन के अध्यक्ष गुलाब सिंह सैनी सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। आयोजकों ने हरियाणा सरकार के मुख्य सचेतक राम कुमार कश्यप को भी विशेष रूप से 29 नवंबर के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
महिला खिलाड़ियों की भागीदारी भी रहेगी खास आकर्षण
इस प्रतियोगिता का एक और विशेष आकर्षण महिला खिलाड़ियों की भागीदारी होगी। उद्घाटन समारोह में हरियाणा और पंजाब की महिला कबड्डी टीमों के बीच एक विशेष शो मैच करवाया जाएगा। यह मुकाबला प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं होगा, बल्कि महामहिम राज्यपाल की मौजूदगी में महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेलों में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि यह एक दिवसीय प्रतियोगिता होगी, जिसमें 32 टीमें हिस्सा लेंगी। मुकाबले देर रात तक चल सकते हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, कबड्डी को प्रोत्साहित करना और पंचकूला को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है। ट्रॉफी अनावरण और पोस्टर लॉन्चिंग कार्यक्रम के माध्यम से आयोजकों ने पंचकूला सहित आसपास के क्षेत्रों के खेल प्रेमियों को इस महाकुंभ में बढ़-चढ़कर भाग लेने और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने का आह्वान किया।

