ऊना,सुशील पंडित: अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल की अध्यक्षता में बुधवार को प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना (पीएमएजीवाई) के अंतर्गत जिला स्तरीय बैठक डीआरडीए सभागार में आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत चयनित गांवों में विकास कार्यों की प्रगति, ग्राम विकास योजनाओं की तैयारी, उपलब्ध धनराशि के उपयोग और समावेश पोर्टल पर कार्यों की स्थिति अपडेट करने सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। एडीसी ने पंचायत सचिवों को योजना के कार्यों में तेजी लाने और उपलब्ध संसाधनों का समयबद्ध एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एडीसी ने बताया कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना केंद्र सरकार द्वारा वित्त वर्ष 2009-10 में शुरू की गई थी। योजना का मुख्य उद्देश्य ऐसे गांवों का समग्र विकास करना है, जहां अनुसूचित जाति की आबादी 50 प्रतिशत से अधिक है। इसके तहत पेयजल एवं स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण सड़कें, आवास, बिजली, स्वच्छ ईंधन, कृषि, वित्तीय समावेशन, डिजिटलीकरण, आजीविका एवं कौशल विकास जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाता है। योजना के माध्यम से गांवों के सभी परिवारों तक सुरक्षित पेयजल, बिजली, बेहतर आंतरिक सड़कें, पर्याप्त स्ट्रीट लाइटिंग, संचार एवं बैंकिंग सुविधाएं तथा आवास जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना भी इसका उद्देश्य है।
बैठक में बताया गया कि जिला ऊना में वर्ष 2018-19 एवं 2019-20 के दौरान 23 गांव तथा वर्ष 2022-23 में 13 गांव योजना के तहत चयनित किए गए थे। इसके अतिरिक्त वर्ष 2025-26 में 11 गांवों का चयन हुआ है। इस प्रकार जिला में कुल 47 गांव योजना के दायरे में हैं। इनमें से पहले चयनित 36 गांवों का सर्वेक्षण पूरा कर ग्राम विकास योजना (वीडीपी) तैयार की जा चुकी है और इन सभी गांवों को आदर्श ग्राम घोषित किया जा चुका है।
विकास कार्यों के लिए उपलब्ध 3.99 करोड़ रुपये के उपयोग की समीक्षा
बैठक में 36 आदर्श ग्रामों के लिए उपलब्ध 3,99,49,722 रुपये की शेष धनराशि के उपयोग की समीक्षा की गई। बताया गया कि एक जुलाई से 19 नवंबर 2026 तक पंचायत सचिवों द्वारा 95,24,338 रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। शेष 3,04,25,384 रुपये की राशि एसएनए पोर्टल पर उपलब्ध है। एडीसी ने निर्देश दिए कि उपलब्ध धनराशि का प्राथमिकता के आधार पर उपयोग करते हुए गांवों में चिन्हित विकास कार्यों को गति दी जाए। इस दौरान पंचायतवार व्यय का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया गया।
वर्ष 2025-26 में चयनित 11 गांवों की समीक्षा करते हुए एडीसी ने संबंधित पंचायत सचिवों को सर्वेक्षण कार्य शीघ्र पूरा कर ग्राम विकास योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सर्वेक्षण और योजना निर्माण की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करना जरूरी है।
समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए पंचायतों को दिए निर्देश
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की निर्धारित समयावधि दो वर्ष है। वर्ष 2018-19 एवं 2019-20 में चयनित 23 पंचायतों तथा वर्ष 2022-23 में चयनित 13 पंचायतों में से ग्राम पंचायत कैलाशनगर, कठोह, कुंगड़त, नंगल जरियाला एवं परोइयां कलां में धनराशि का व्यय किया गया है। एडीसी ने शेष पंचायतों में भी उपलब्ध धनराशि का प्रभावी उपयोग कर विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की ओर से भी योजना के कार्यों में तेजी लाकर उन्हें निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश प्राप्त हुए हैं।
समावेश पोर्टल पर नियमित अपडेट करना जरूरी
बैठक में समावेश पोर्टल की स्थिति की भी समीक्षा की गई। एडीसी ने कहा कि भारत सरकार द्वारा पोर्टल पर योजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी की जा रही है। इसलिए पंचायत सचिव धरातल पर हुए कार्यों और उनकी वास्तविक स्थिति के अनुसार पोर्टल को नियमित रूप से अपडेट करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य की प्रगति, पूर्णता और खर्च की गई राशि को मान्य करवाने के लिए संबंधित जानकारी पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य है। पोर्टल अपडेट से संबंधित किसी भी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए पंचायत सचिव जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय अथवा तहसील कल्याण कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त एडीसी ने जिला के सभी बीडीओ के साथ अपने-अपने ब्लॉकों में वीबी-जी राम जी (मनरेगा) के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यों की वर्तमान स्थिति और उनसे जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी लेते हुए सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि जिला में योजना के तहत 2,716 कार्य शुरू किए गए हैं, जिनमें से 129 कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि 2,587 कार्य प्रगति पर हैं। योजना के तहत पंजीकृत सभी श्रमिकों के लिए ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य है।
इस अवसर पर बीडीओ ऊना रमनवीर चौहान, जिला कार्यक्रम अधिकारी आवास पंडित, बीडीओ अंब ओमपाल डोगरा, बीडीओ हरोली विनीत ठाकुर, एससीबीपीओ बंगाणा राकेश राणा, ब्लॉक अधीक्षक गगरेट नीलकमल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

