सूरतः गुजरात के सूरत जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां महाराष्ट्र के जलगांव से आए एक ही परिवार के छह सदस्यों को अगवा कर उकाई-काकरापार नहर में फेंक दिया गया। इस घटना में 3 लोगों की मौत हो गई और 2 लोग लापता हैं, जबकि 13 साल का एक लड़का बच गया।
ये घटना 21 नवंबर को बारडोली तालुका में हुई। पुलिस ने शुरुआती जानकारी के आधार पर बताया कि हमलावरों की पहचान कर ली है और वे परिवार के परिचित थे। शिकायत के अनुसार परिवार किसी काम से सूरत जा रहा था। एक दूसरी गाड़ी में सवार 4 लोगों ने बारडोली के उवा गांव के पास उनका रास्ता रोक लिया।
रविवार सुबह महुवा के पास नहर से 3 शव बरामद किए गए, जिनमें एक पति-पत्नी भी शामिल हैं। उनका 13 साल का बेटा तैरकर किनारे तक पहुंचने में कामयाब रहा और उसने मदद मांगी। बारडोली ग्रामीण पुलिस इंस्पेक्टर पीएन जडेजा ने बताया कि उसके भाई-बहन एक 2 साल का बच्चा और 16 साल का लड़का अभी भी लापता हैं।
उन्होंने कहा कि लापता लोगों को खोजने और इस अपराध के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़िया ने बताया कि रविवार सुबह एक 13 साल का लड़का पुलिस स्टेशन पहुंचा। वह मराठी में बात कर रहा था। पूछताछ करने पर पता चला कि परिवार किसी काम से गाड़ी में सूरत जा रहा था।
बच्चे ने बताया कि उस रात एक दूसरी गाड़ी परिवार का पीछा कर रही थी। परिवार की गाड़ी को रोकने के बाद हमलावरों ने लड़के के माता-पिता और उसके 2 साल के छोटे भाई/बहन को एक गाड़ी में बैठा दिया। वहीं लड़के को उसके 16 साल के भाई और 9 साल की बहन को दूसरी गाड़ी में बैठाया गया।
लड़के ने बताया कि उसे, उसके 16 साल के बड़े भाई और 9 साल की बहन को नहर में फेंक दिया गया था। वह तैरकर बाहर निकलने में कामयाब रहा और उसने घर पर अपनी सबसे बड़ी बहन से संपर्क किया। हमारी टीम उसे यहां ले आई, उसका बयान दर्ज किया और मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान महुआ तालुका के डुंगरी के पास उकाई-काकरापार नहर से एक पुरुष, एक महिला और एक बच्ची के शव बरामद किए गए। रिश्तेदारों ने शवों की पहचान की। मृतक पुरुष की पहचान नितिन उर्फ भुरिया पाटिल के रूप में हुई, जबकि महिला की पहचान उसकी पत्नी कविता पाटिल के रूप में हुई। एक अधिकारी ने बताया कि तीसरा शव उनकी 9 साल की बेटी का है।
गढिया ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की छह अलग-अलग टीमें और एक विशेष तकनीकी टीम बनाई गई है आरोपियों की पहचान कर ली गई है। अधिकारी ने बताया कि कविता पाटिल के पहले पति का निधन हो चुका था, जिसके बाद वह नितिन के साथ रह रही थी। 16 साल का लड़का और 2 साल का बच्चा लापता हैं। पुलिस और फायर विभाग की टीमें उन्हें खोजने के लिए नहर में तलाशी अभियान चला रही हैं।

