पंचकूलाः बरवाला-रायपुर रानी सड़क मार्ग पर मंगलवार को मक्की से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के चलते सड़क की एक साइड पूरी तरह बंद हो गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार ट्रक अम्बाला से प्यारेवाला स्थित एक फैक्ट्री में मक्की की सप्लाई लेकर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को संभाला। ट्रक चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी अन्य वाहन के चपेट में आने की सूचना नहीं है।

