जालंधर, ENS: वाहन चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब दिनदहाड़े व्यस्त इलाकों से भी गाड़ियां सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला मास्टर तारा सिंह नगर का है, जहां सोमवार दोपहर करीब 12:15 बजे एक कंपनी दफ्तर के बाहर खड़ी कर्मचारी की हीरो स्प्लेंडर बाइक चोरी हो गई। चोरी हुई बाइक का नंबर PB08 FM 3083 है, जो रोहित नामक युवक की बताई जा रही है। रोहित ने बताया कि उसने रोजाना की तरह मास्टर तारा सिंह नगर स्थित कोठी नंबर 169-A में बने अपने ऑफिस के बाहर बाइक खड़ी की और अंदर काम करने चला गया।
दोपहर करीब सवा बारह बजे जब वह बाहर आया, तो वहां से बाइक गायब थी। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद जब बाइक का कोई सुराग नहीं लगा, तो मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पीड़ित रोहित ने कहा कि उसकी तरफ से थाना छोटी बारादरी में बाइक चोरी की शिकायत दर्ज करवा दी गई है।
हालांकि, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शिकायत दिए जाने के बाद भी पुलिस की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है और न ही चोरों का कोई सुराग लग पाया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके के लोगों और दफ्तर कर्मियों में रोष है। पीड़ित ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द बाइक बरामद करने की गुहार लगाई है।

