मोहालीः अकाली दल के सीनियर नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की विदेश यात्रा को लेकर आज कोर्ट में सुनवाई हुई। मजीठिया की विदेश यात्रा को लेकर लगाई गई याचिका को कोर्ट ने मंजूर कर लिया है। ऐसे में मजीठिया का विदेश जाने का रास्ता साफ हो गया। दरअसल, मजीठिया ने 18 दिसंबर 2026 से 6 जनवरी 2027 तक विदेश जाने की अनुमति के लिए मोहाली अदालत में अर्जी दाखिल की थी।
हालांकि पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने 21 नवंबर की सुनवाई में अर्जी पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि इसमें फ्लाइट, गंतव्य शहर और ठहरने की जगह का पूरा विवरण नहीं है। बता दें कि बिक्रम सिंह मजीठिया फिलहाल आय से अधिक संपत्ति के मामले में सुप्रीम कोर्ट से मिली शर्तों वाली जमानत पर बाहर हैं। जमानत की शर्तों के मुताबिक, वे मोहाली की ट्रायल कोर्ट की पूर्व अनुमति के बिना विदेश नहीं जा सकते। बिना अनुमति देश छोड़ने पर उनकी जमानत रद्द हो सकती है।
इसके अलावा, उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी हुआ था, हालांकि उस पर रोक लग गई थी। मंजूरी के बिना एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन विभाग उन्हें रोक सकता है। मामले में ट्रायल चल रहा है और अगली सुनवाई 6 जनवरी 2027 को तय है। इसलिए विदेश जाने से पहले अदालत की अनुमति लेना जरूरी है।

