अमृतसरः जंडियाला गुरु के गांव जलाल में आवारा कुत्तों का कहर देखने को मिला। जहां कुत्तों ने नोच-नोचकर 8 साल के बच्चे को मार डाला। मृतक बच्चे की पहचान 8 वर्षीय रणजीत सिंह के रूप में हुई है। रणजीत 3 बहनों का इकलौता भाई और परिवार में सबसे छोटा था। मिली जानकारी के अनुसार घटना के दौरान बच्चा घर से स्कूल जा रहा था, इस दौरान रास्ते में कुत्तों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे का सिर, टांग और कान तक खा गए।
बच्चे का शव गांव के ग्राउंड में पड़ा था। ग्राउंड में खेलने पहुंचे कुछ बच्चों ने उसका शव देखा और ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद लोग घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं घटना स्थल पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने बताया कि रणजीत सिंह स्कूल जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में आवारा कुत्ते उसके पीछे पड़ गए। कुत्तों से बचने के लिए बच्चा ग्राउंड की तरफ भागा, जहां कुत्तों ने उसे बुरी तरह नोच लिया। हमले में बच्चे के सिर और पैरों पर गंभीर चोटें आईं, जबकि कुत्ते उसका दायां कान भी खा गए।
परिवार के अनुसार, बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि शव को अस्पताल ले जाकर धारा 174 के तहत कार्रवाई की जा रही है। संबंधित विभाग को पत्र लिखकर आवारा कुत्तों की समस्या पर नियंत्रण करने और डीसी को भी मामले से अवगत करवाने के लिए लिखा जाएगा। ग्रामीण गुरप्रीत सिंह ने बताया कि इस घटना से पूरा गांव दुखी है। सरकार और प्रशासन से मांग है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। परिवार बेहद गरीब है।

