कार्यक्रम में एएसपी ग़ज़लप्रीत कौर ने की विशेष रूप से शिरकत
जीरकपुर (बलटाना): नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बलटाना के हरमिलाप नगर में ‘पुकार’ NGO की ओर से ड्राइंग प्रतियोगिता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एएसपी ग़ज़लप्रीत कौर ने विशेष रूप से शिरकत की। इस दौरान प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को उन्होंने स्वयं मेडल पहनाकर सम्मानित किया और प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि सम्मान केवल विजेताओं तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि हर प्रतिभागी को व्यक्तिगत रूप से मेडल पहनाकर और प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। इस पहल से बच्चों का उत्साह बढ़ा और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
इस आयोजन में बलटाना पुलिस चौकी इंचार्ज मलकीत सिंह ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं वार्ड नंबर 2 के पार्षद एवं हरमिलाप नगर निवासी पांडे ने भी कार्यक्रम में अपना सहयोग दिया। कार्यक्रम का आयोजन ‘पुकार’ NGO की प्रमुख शिवानी के नेतृत्व में किया गया।
ड्राइंग प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों और युवाओं ने अपनी कला में नशे के दुष्परिणामों को दर्शाते हुए नशामुक्त समाज का संदेश दिया। रंगों और चित्रों के जरिए प्रतिभागियों ने यह बताने का प्रयास किया कि नशा किस तरह व्यक्ति, परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है।
इस अवसर पर एएसपी ग़ज़लप्रीत कौर ने बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपने भविष्य को सकारात्मक दिशा देने के लिए प्रेरित किया। युवावस्था जिंदगी को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण पड़ाव होती है। ऐसे में कम उम्र से ही बच्चों को नशे के खतरों के प्रति जागरूक करना इस तरह के आयोजनों का अहम उद्देश्य रहा।
गौरतलब है कि इससे पहले जीरकपुर क्षेत्र में नशे के खिलाफ सर्च ऑपरेशन भी चलाए गए हैं। अब जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों और युवाओं को इस सामाजिक बुराई से दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है।


