चंडीगढ़: पंजाब की कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने नई दिल्ली में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘समावेशी नीति संकल्प—समावेशिता के लिए नीति प्रतिबद्धता’ विभागीय समिट-2026 में पंजाब की नशा विरोधी रणनीति प्रस्तुत की। समिट के ‘नशामुक्त भारत के लिए नशों की रोकथाम और नशों की मांग में कमी लाने के लिए नई सोच’ विषय पर डॉ. बलजीत कौर ने पंजाब सरकार द्वारा अपनाए गए व्यापक एवं बहुआयामी मॉडल की जानकारी साझा की। इस मॉडल में नशों की रोकथाम, उपचार, पुनर्वास और सामाजिक सहयोग को केंद्र में रखा गया है।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि “नशों के खिलाफ लड़ाई केवल एक समस्या को समाप्त करने की नहीं, बल्कि जीवन बचाने, युवाओं को सही दिशा देने और समाज में नई उम्मीद पैदा करने का अभियान है।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स.भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार नशों को केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं मानती, बल्कि इसे स्वास्थ्य और सामाजिक चुनौती के रूप में लेते हुए सख्त कार्रवाई के साथ-साथ उपचार, पुनर्वास और जनभागीदारी पर विशेष ध्यान दे रही है।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि पंजाब में 547 ओओएटी (आउट पेशेंट ओपिओइड असिस्टेड ट्रीटमेंट) केंद्र कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से लगभग 3.2 लाख लोगों को मुफ्त उपचार और परामर्श सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। उपचार के लिए आने वाले लोगों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और मासिक दाखिले 3,000 से अधिक हो गए हैं।
भारत के प्रधानमंत्री ने भी नई दिल्ली स्थित सुषमा स्वराज भवन में आयोजित इस समिट में शिरकत की, जिससे सामाजिक न्याय, समावेशी नीतियों और देशव्यापी सामाजिक चुनौतियों के समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों को और अधिक महत्व मिला।

