नई दिल्लीः सुप्रीम कोर्ट ने सैनिकों की पेंशन को लेकर एक अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि ‘वॉर इंजरी एलिमेंट’ यानी युद्ध के दौरान लगी चोट के आधार पर मिलने वाली बढ़ी हुई पेंशन का लाभ पाने के लिए जवान का दुश्मन की गोली से घायल होना जरूरी नहीं है। सैन्य अभियानों के दौरान अपने ही हथियार से गलती से गोली चलने या अपनी सेना के साथियों की फायरिंग में घायल होने वाले जवान भी इस पेंशन के हकदार हो सकते हैं। जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा और जस्टिस एनके सिंह की पीठ ने कहा कि यदि जवान सेना के निर्धारित आदेशों के दायरे में आने वाली परिस्थितियों में घायल होता है, तो उसे ‘वुंडेड बैटल कैजुअल्टी’ यानी युद्ध के दौरान घायल सैनिक की श्रेणी में रखा जा सकता है।
अदालत ने बताया कि सेना की नीति में ऐसी दो परिस्थितियों को मान्यता दी गई है। पहली, गोली या उसके किसी टुकड़े से गलती से लगी चोट और दूसरी, अपनी ही सेना के जवानों की फायरिंग से लगी चोट। हालांकि, इसके लिए जरूरी है कि घटना दुश्मनों या उग्रवादियों के खिलाफ किसी सैन्य अभियान के दौरान हुई हो।
पीठ ने कहा कि सर्विस हथियार से गलती से गोली चलने की घटना के पीछे किसी को नुकसान पहुंचाने का इरादा जरूरी नहीं है। अचानक झटका लगने, गिरने, ट्रिगर किसी वस्तु में फंसने, अनजाने में ट्रिगर दबने या तकनीकी खराबी के कारण भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं।
न्यायाधीशों ने ऐसी दुर्घटनाओं को जानबूझकर खुद को चोट पहुंचाने यानी ‘सेल्फ-इन्फ्लिक्टेड इंजरी’ से अलग माना। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अनजाने में हुई ऐसी घटनाओं के आधार पर किसी सैनिक को बढ़ी हुई पेंशन के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता।
ये फैसला सूबेदार मेजर और मानद लेफ्टिनेंट देवी सिंह की याचिका पर सुनवाई के दौरान आया। अगस्त 2002 में जम्मू-कश्मीर में ‘ऑपरेशन रक्षक’ या ‘ऑपरेशन पराक्रम’ के दौरान वह घायल हो गए थे। सैन्य अभियान के दौरान उनके अपने ही हथियार से गलती से गोली चल गई, जो उनकी जांघ के आर-पार निकल गई। इस घटना में उनकी फीमोरल नस को नुकसान पहुंचा और उन्हें 40 फीसदी विकलांगता हो गई।
हालांकि, देवी सिंह को सामान्य विकलांगता पेंशन यानी ‘डिसेबिलिटी एलिमेंट’ का लाभ दिया गया था, लेकिन बढ़ी हुई ‘वॉर इंजरी एलिमेंट’ पेंशन देने से इनकार कर दिया गया था। उनकी मांग को आर्म्ड फोर्सेज ट्रिब्यूनल ने भी खारिज कर दिया था।
सुप्रीम कोर्ट ने ट्रिब्यूनल के फैसले को पलटते देवी सिंह को बढ़ी हुई युद्ध चोट पेंशन का हकदार माना। अदालत ने स्पष्ट किया कि सैन्य अभियान के दौरान अपने ही हथियार से अनजाने में गोली चलने की घटना को भी सेना के नियमों के तहत युद्ध में लगी चोट माना जा सकता है।


