जालंधर, ENS: नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की भर्ती और रोस्टर सिस्टम को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अपनी मांगों को लेकर पंजाब सफाई मजदूर फेडरेशन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है। फेडरेशन के जनरल सेक्रेटरी सन्नी सहोता ने कहा कि सोमवार से नगर निगम के मुख्य गेट के बाहर धरना शुरू किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों को लेकर लिखित आदेश जारी नहीं होते, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
सन्नी सहोता ने बताया कि करीब 8 महीने पहले प्रशासन की ओर से नगर निगम में 1196 पदों पर भर्ती के लिए पत्र जारी किया गया था। इसके बाद भर्ती के लिए आवेदन और फाइलें जमा की गईं। उनके अनुसार, एससी वर्ग के आवेदकों से 112 रुपये और जनरल वर्ग के आवेदकों से 300 रुपये फीस ली गई, जिससे करोड़ों रुपये एकत्रित हुए, लेकिन अभी तक भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। उन्होंने भर्ती में सफाई सेवकों और सीवरमैन के पदों पर रोस्टर सिस्टम लागू नहीं करने की मांग उठाई।
उनका कहना है कि सफाई और सीवर का काम वाल्मीकि समाज के लोग पीढ़ियों से करते आ रहे हैं। फेडरेशन किसी अन्य समाज के लोगों को नौकरी मिलने के खिलाफ नहीं है, लेकिन इन दोनों श्रेणियों को रोस्टर सिस्टम से अलग रखा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य शहरों में भर्ती के बाद कुछ कर्मचारी अपनी पहुंच के चलते फील्ड में काम करने के बजाय दफ्तरों में बैठ जाते हैं।
सन्नी सहोता ने बताया कि हड़ताल 18 तारीख से शुरू की गई थी, लेकिन श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के मद्देनजर कर्मचारियों ने एक दिन के लिए राहत दी गई है। उन्होंने कहा कि शहर के सभी गुरुद्वारा साहिब के आसपास सफाई करवाने के लिए सुपरवाइजरों को निर्देश दिए गए, ताकि प्रकाश पर्व के दौरान संगत को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि निगम कमिश्नर और संबंधित अधिकारियों को अपनी मांगों के संबंध में लिखित आदेश लेकर आने होंगे।


