जालंधर, ENS: श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर आज शहर में नगर कीर्तन निकाला जा रहा है। नगर कीर्तन का आयोजन श्री गुरुद्वारा दीवान अस्थान सेंट्रल टाउन से किया गया। नगर कीर्तन गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया पंज प्यारों की अगुवाई में शुरु हुआ। नगर कीर्तन की शुरुआत मोहल्ला गोबिंदगढ़ से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। नगर कीर्तन शहर के विभिन्न इलाकों से होते हुए वापस गुरुद्वारा दीवान स्थान पहुंचेगा। नगर कीर्तन के मदन फ्लोर मिल पहुंचने पर विशेष दृश्य देखने को मिला।
इस दौरान सिख नौजवानों ने नगर के चौराहों पर तलवारों से करतबों का प्रदर्शन किया। यहां पंजाब पुलिस की टीमों ने परेड के दौरान श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को सलामी देकर सम्मान प्रकट किया। इस दौरान पुलिस जवानों ने पूरे अनुशासन और श्रद्धा के साथ गुरु साहिब के प्रति सम्मान व्यक्त किया। नगर कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। वहीं नगर कीर्तन को लेकर जिला प्रशासन ने नगर कीर्तन के मार्ग और धार्मिक समागम स्थल के आसपास 21 नवंबर शनिवार को मांस और शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट वरजीत वालिया ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए यह आदेश लागू किया। डिप्टी कमिश्नर के एक अन्य आदेश के अनुसार नगर कीर्तन वाले दिन नगर निगम सीमा के भीतर आने वाले सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों तथा कॉलेजों (स्टाफ सहित) में दोपहर 12 बजे के बाद आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई है। वहीं नगर कीर्तन में संगत की भारी आमद को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस जालंधर सतिंदर सिंह ने शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और आम जनता की सुविधा व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, आईपीएस के दिशा-निर्देशों के तहत लागू की जाएगी।


