जालंधर, ENS: भगत सिंह कालोनी के पास बने सूएं में प्राइवेट गाड़ी द्वारा नहर में गंदा कैमिकल फेंकने की घटना सामने आई है। वहीं लोगों द्वारा इसकी वीडियो भी बनाई गई। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि एक टैंकर नहर के पास पहुंचता है और उसमें से गंदा कैमिकल नहर में फेंका जा रहा है। इस गंदे कैमिकल से नहर को फिर से दूषित कर दिया गया।
एक ओर पंजाब सरकार नहरों को साफ रखने, गाद निकालने और जल प्रवाह को सुचारू बनाने के लिए जल संसाधन विभाग के माध्यम से नियमित रख-रखाव और आधुनिकीकरण कार्य कर रही है। पंजाब सरकार की ओर से 80 प्रतिशत खेतों तक नहरी पानी पहुंचाया जा रहा है और लोगों को पीने के लिए स्वच्छ पानी दिया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर इस टैंकर से फेंके जा रहे गंदे कैमिकल के जरिए नहर को दूषित किया जा रहा है।
नहर में फेंके गए गंदे कैमिकल को लेकर इलाके में रहने वाले प्रवासियों में रोष पाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि नहर से बहने वाले इस पानी का इस्तेमाल करते है, लेकिन अब गंदे कैमिकल के कारण सारा पानी दूषित हो गया है, जिसके कारण उनके लिए पानी की समस्या उत्पन्न हो गई है। ऐसे में प्रवासियों द्वारा नहर को फिर से साफ करने की अपील की गई है और उक्त टैंकर चालक के खिलाफ नहर को दूषित करने को लेकर कार्रवाई की मांग की गई है।


