जालंधर, ENS: न्यू जवाहर नगर में करोड़ों की कोठी के मालिकाना हक को लेकर विवाद गहरा गया। दरअसल, एडवोकेट की NRI बेटी और वकील दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जबरन कब्जे, तोड़फोड़ और सामान बाहर निकालने के आरोप लगा रहे हैं। यूके (इंग्लैंड) से लौटीं सुखबीर कौर का कहना है कि वह सीनियर एडवोकेट सरदार तीर्थ सिंह की इकलौती बेटी हैं। उनके पिता ने साल 2007 में यह प्रॉपर्टी उनके नाम ट्रांसफर कर दी थी। प्रॉपर्टी टैक्स, बिजली और पानी के सभी बिल उन्हीं के नाम पर हैं।
सुखबीर कौर के मुताबिक, पिता के निधन के बाद उन्होंने उनके तीन जूनियर वकीलों को इंसानियत के नाते ऑफिस चलाने की इजाजत दी थी। अब जब प्रॉपर्टी का सही इस्तेमाल नहीं हो रहा था, तो उन्होंने तीनों को 15 दिन में जगह खाली करने का नोटिस दिया। दो वकील अपना सामान लेकर चले गए, लेकिन तीसरे वकील जसमीत सिंह जौहल ने कब्जा नहीं छोड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि जौहल 20 लोगों के साथ जबरन उनके घर में घुसे और बदतमीजी की।
जब वह अपनी सुरक्षा के लिए वीडियो बना रही थीं, तो उनका फोन नीचे गिरा दिया गया, जिससे वह फर्श पर गिर गईं। दूसरी तरफ, एडवोकेट जसमीत सिंह जौहल ने इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि वह साल 1997 से यहां अपना ऑफिस चला रहे हैं। इस हिस्से के असली मालिक हैं। जौहल ने आरोप लगाया कि जब वह काम के सिलसिले में होशियारपुर गए हुए थे, तब उनकी गैरमौजूदगी में मेन गेट उखाड़कर नया गेट लगा दिया गया।
उनके ऑफिस के सीसीटीवी तोड़ दिए गए। सारा कीमती सामान व प्रॉपर्टी के जरूरी दस्तावेज बाहर फेंक दिए गए। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को शांत करवाया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, एसीपी साहब ने दोनों पक्षों को अपने-अपने दस्तावेजों के साथ शाम 4 बजे थाने बुलाया है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


