लीमाः पेरू के मध्यवर्ती हिस्से में स्थित एंडीज पर्वतीय क्षेत्र में शुक्रवार को 6.9 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप के कारण जानमाल का नुकसान होने की तत्काल कोई खबर नहीं है। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने बताया कि भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम 7 बजकर 9 मिनट पर आया। इसका केंद्र एंडीज पर्वत क्षेत्र में जूनिन से 34 किलोमीटर (21 मील) उत्तर में, 108 किलोमीटर (67 मील) की गहराई पर था।
पेरू प्रशांत महासागर के चारों ओर फैले रिंग ऑफ फायर क्षेत्र में स्थित है। यह लगभग 40,000 किलोमीटर लंबा क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में ज्वालामुखी और धरती की सतह के नीचे दरारें हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा भूकंप इसी क्षेत्र में आते हैं।
इससे पहले अगस्त में पेरू के एंडीज पर्वतीय क्षेत्र में 6.7 तीव्रता का भूकंप आने से दो लोग घायल हो गए थे और कई मकानों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं विद्यालयों को नुकसान पहुंचा था। वहीं, जुलाई में जुनिन क्षेत्र में 5.5 तीव्रता के भूकंप से छह लोगों की मौत हो गई थी और 30 अन्य घायल हुए थे।


