नई दिल्ली: अमेरिका ने भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान के साथ बने हुए क्वाड समूह को बहुत ही जरुरी मंच बताया है। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि अमेरिका ने इस समूह को मजबूत बनाने में काफी समय और संसाधन लगाए हैं। चारों देश बड़ी अर्थव्यवस्थाएं हैं और मिलकर काम करने से सिर्फ रोजगार ही पैदा नहीं होंगे बल्कि अमेरिकी उत्पादों के लिए बड़े बाजार भी तैयार होंगे।
उन्होंने पीएम मोदी समेत चारों देशों के नेताओं की भागीदारी का भी जिक्र किया। रुबियो ने अमेरिका के राष्ट्रपति की एशिया यात्रा, अलग-अलग देशों के साथ व्यापारिक समझौतों और चीन, रुस और अमेरिका के शीर्ष नेताओं के बीच बातचीत को वैश्विक सुरक्षा के लिए भी जरुरी बताया है।
व्यापार और रोजगार होगा मजबूत
रुबियो ने कहा है कि भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के बीच में साथ का मंच क्वाड काफी जरुरी है। इन चारों देशों की अर्थव्यवस्थाएं मजबूत हैं और आपसी सहयोग के साथ व्यापार, रोजगार और बाजार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रपति के संरक्षण और भागीदारी में अगले साल की शुरुआत में चारों देशों के प्रमुख कारोबारी समूहों का एक व्यापारिक मंच आयोजित किया जाएगा। इसमें बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। नए व्यावसायिक समझौतों पर चर्चा भी होगी। इससे अमेरिकी कामगारों, स्थानीय समुदायों और आम लोगों को फायदा मिलेगा।
इसके जरिए रोजगार बढ़ाने और कीमत कम करने जैसे लक्ष्य भी हासिल हो पाएंगे। मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम के साथ द्विपक्षीय बातचीत हुई है। उन्होंने कहा है कि मैक्सिको अमेरिका का पड़ोसी देश है इसलि दोनों देशों के बीच में रक्षा और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों के साथ भी रिश्ते महत्वपूर्ण हैं। व्यापार में संतुलन और निष्पक्षता लाने की जरुरत है। कनाडा के साथ व्यापारिक संबंधों में भी असंतुलन और अनुचित स्थितियों का मुद्दा उठाया गया है। राष्ट्रपति ने कनाडा के पीएम के साथ मुलाकात करके ऐसा आखिरी समझौता करने की दिशा में बातचीत को आगे बढ़ाया जो कि अमेरिका के कामगारों के हित में और अमेरिका के लिए निष्पक्ष रहे हैं।
अमेरिका-रुस और चीन में बातचीत है जरुरी
रुबिया ने कहा कि चीन के राष्ट्रपति के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति की द्विपक्षीय और बाद में त्रिपक्षीय बातचीत होगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका रुस, और चीन के पास दुनिया के परमाणु हथियारों का सबसे बड़ा हिस्सा है। ऐसे में इन तीनों देशों के नेताओं का नियमित तौर पर बात करना जरुरी है। उनके अनुसार, इन नेताओं के बीच में संवाद नहीं होना न सिर्फ अव्यावहारिक होता है बल्कि खतरनाक भी है।


