पटियाला: शहर के न्यू मोती बाग पैलेस के पास एक घर में मामूली बहस के बाद एक दोस्त ने अपने दोस्त को गोली मार दी, जिसे घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रजत शर्मा उर्फ ताशु पुत्र नरेश शर्मा निवासी कृष्णा गली नाभा गेट पटियाला के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार आरोपी का नाम चमकौर सिंह है, जो पातड़ां के पास गांव चट्ठा का रहने वाला है। परिजनों द्वारा घटना की सूचना थाना सिविल लाइन की पुलिस को दी गई। जिसके बाद इंस्पेक्टर जसप्रीत सिंह काहलों के नेतृत्व में आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के मुताबिक चमकौर सिंह और रजत शर्मा उर्फ ताशु दोनों दोस्त थे। बीती रात भी दोनों साथ थे और दोनों के बीच किसी बात को लेकर मामूली बहस हो गई और चमकौर ने पिस्तौल निकालकर रजत शर्मा के पेट में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
घायल हालत में रजत शर्मा को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रजत शर्मा की 5 साल पहले शादी हुई थी और उनका एक 4 साल का बेटा है। इंस्पेक्टर जसप्रीत सिंह काहलों ने बताया कि इस मामले में चमकौर सिंह को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है और उसे अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत में भेज दिया जाएगा।

