पटियालाः पटियाला-संगरूर नेशनल हाईवे पर आज तड़के भाखड़ा नहर पर बना लोहे का पुल अचानक टूट गया। इस घटना के दौरान पुल के ऊपर से 2 ट्रक गुजर रहे थे। पुल टूटने के बाद दोनों ट्रक धंसकर भाखड़ा नहर में ही लटक गए। वहीं भाखड़ा का पानी भी पुल टूटने से उसके ऊपर से बहने लगा है। इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन की बचाव टीमें व फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गईं। इस हादसे में ड्राइवर को चोटे आई है।
मामले की जानकारी देते हुए भेवे के रहने वाले चालक सुखविंदर सिंह ने कहाकि सुबह 5 बजे यह घटना हुई है। इस दौरान दोनों ट्रक आ रहे थे, तभी पुल अचानक टूटने से दोनों गाड़ियां नीचे धंस गई। जिसके बाद उन्हें कुछ पता नहीं चल पाया कि उनके साथ क्या हादसा हुआ है। घटना के दौरान ट्रक में रेत भरी हुई थी। सुखविंदर सिंह के अनुसार उनके ट्रक में 3 लोग सवार थे, जबकि दूसरे ट्रक में एक व्यक्ति मौजूद था।
सुखविंदर सिंह ने कहाकि 35 सालों से वह पहले भी पुल से गुजरते रहे है, लेकिन पहली बार यह हादसा हुआ। घटना के दौरान एक ट्रक में आग लग गई। अंधेरे होने के कारण उन्हें कुछ पता नहीं चल पाया। जिसके बाद सभी घायल लोग खुद ही बाहर निकले। वहीं उन्हें गांव वासियों ने कहा कि पुल की हालत खस्ता होने को लेकर उनके द्वारा प्रशासन को पहले अवगत करवाया गया था। इस घटना में जानी नुकसान होने से बचाव रहा।
वहीं दोनों ट्रक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद रोशनी होने पर प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची। इसके बाद पुल के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक रोक दिया गया है। ट्रक में सवार लोगों की जान बाल-बाल बच गई। हादसा तब हुआ जब ट्रक पुल से गुजरे और पुल के आखिरी कोने पर पहुंचे। जिस नेशनल हाईवे पर ये पुल टूटा, वह 2016 में बनकर तैयार हुआ था। उसी वक्त ये पुल भी बना था। करीब 100 साल की मियाद के लिए बने पुल के महज 10 साल बाद ही टूटने को लेकर क्वालिटी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

