मोहाली/जीरकपुर: मोहाली के जीरकपुर में मंगलवार को उस समय दहशत फैल गई, जब मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने एक फॉर्च्यूनर गाड़ी पर गोलियां चला दीं। घटना के समय गाड़ी में एक महिला और उसका बेटा समेत परिवार के तीन लोग सवार थे। गनीमत रही कि इस फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना जीरकपुर में PR7 एयरपोर्ट रोड के पास स्थित शताबगढ़ गांव के सुनसान इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि परिवार टोयोटा फॉर्च्यूनर में सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए दो हमलावरों ने गाड़ी को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
फायरिंग के बाद बाइक पर फरार हुए हमलावर
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गाड़ी में सवार परिवार के लोग घबरा गए। बताया जा रहा है कि परिवार चंडीगढ़ का रहने वाला है।
संपत्ति विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला
शुरुआती जांच में फायरिंग के पीछे संपत्ति से जुड़ा पुराना विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हमले के सही कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही जीरकपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने के साथ-साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
