मोहालीः पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ अपने अभियान के दौरान अक्टूबर महीने में 11 अलग-अलग ट्रैप मामलों में 11 सरकारी कर्मचारियों और 3 निजी व्यक्तियों को रंगे हाथों पकड़ा है। विजिलेंस ब्यूरो के आधिकारिक प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि इस अवधि के दौरान, ब्यूरो ने हर क्षेत्र में सरकारी कर्मचारियों और अन्य लोगों के बीच भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए अपने सभी प्रयास किए हैं।
उन्होंने बताया कि ब्यूरो ने पिछले माह विजिलेंस के 10 मामलों से संबंधित चालान विभिन्न अदालतों में पेश किये हैं। इसके अलावा भ्रष्टाचार के मामलों की गहराई से जांच के लिए 3 विजिलेंस जांच भी दर्ज की गई हैं।
उन्होंने आगे बताया कि 14 सरकारी कर्मचारियों समेत 18 आरोपियों के खिलाफ 7 आपराधिक मामले भी दर्ज किए गए हैं। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि ब्यूरो द्वारा पिछले महीने दायर और लड़े गए रिश्वतखोरी के एक मामले में अदालत ने फैसला सुनाया है, जिसमें एक व्यक्ति को दोषी ठहराया गया है और 3 साल की कैद और 50,000 रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई गई है।
