मोहालीः कस्बा नयागांव में युवक की सफारी कार जलाने के मामले में पुलिस ने उसके ही तीन दोस्तों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि पहले तीनों ने मिलकर कार से कीमती सामान चोरी किया और बाद में पेट्रोल छिड़ककर गाड़ी को आग लगा दी। पीड़ित जसप्रीत सिंह मूल रूप से खरड़ का रहने वाला है। उसने कुछ समय पहले लव मैरिज की थी, जिसके बाद वह नयागांव में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने जसप्रीत की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
View this post on Instagram
पुलिस को दी शिकायत में जसप्रीत सिंह निवासी नयागांव ने आरोप लगाया कि उसके परिचित विशाखा, गग्गू, काला तथा कुछ अन्य लोगों ने उसकी सफेद रंग की सफारी कार की चाबी घर से ले जाकर कार को खेत के पास खड़ा कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार कार से कुछ सामान भी गायब था। जसप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि जब उसने आरोपियों से शिकायत करने की बात कही तो उन्होंने कार का कुछ सामान वापस किया, लेकिन अन्य सामान वापस नहीं किया।
इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उसे और उसकी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार 14 नवंबर की सुबह करीब 5 बजे उसने घर के बाहर शोर सुना। बाहर आकर देखा तो गग्गू, विशाखा, काला समेत 2-3 अज्ञात व्यक्ति उसकी सफारी कार में आग लगा रहे थे। पुलिस के अनुसार आरोपी एक ग्रे रंग की स्विफ्ट कार में मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने स्विफ्ट कार का नंबर PB-65…33 बताया है।
आग लगने से सफारी कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जसप्रीत सिंह ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों दोस्तों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
