शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के दूरदर्शी मार्गदर्शन एवं नेतृत्व तथा हिमाचल प्रदेश को स्वच्छ, हरित और सतत विकास का आदर्श बनाने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के फलस्वरूप प्रदेश ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश ने देश के शीर्ष 20 शहरी स्थानीय निकायों में अपना स्थान सुनिश्चित किया है।
शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से यह पुरस्कार प्राप्त किया। यह सम्मान विशेष महत्व रखता है, क्योंकि पहली बार प्रदेश को राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति में यह सम्मान प्रदान किया गया है।

स्वच्छ सर्वेक्षण भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा वर्ष 2016 में शुरू किया गया देश का वार्षिक स्वच्छता मूल्यांकन एवं रैंकिंग अभियान है। इसका उद्देश्य शहरी स्थानीय निकायों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना तथा देशभर में स्वच्छता, साफ-सफाई और सतत् अपशिष्ट प्रबंधन की बेहतर व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित करना है।
