शिमला: राज्यपाल कविद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और तकनीकी प्रगति के नए युग में प्रवेश कर रहा है तथा वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बना रहा है। राज्यपाल आज रामपुर में ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का शुभारम्भ करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से पूरा होने वाला राष्ट्रीय संकल्प है। विकसित भारत का निर्माण केवल दिल्ली से नहीं होगा, बल्कि इसकी नींव हमारे गांवों में रखी जाएगी। हमारे किसानों की समृद्धि, कारीगरों का कौशल और युवाओं का संकल्प ही इस लक्ष्य को साकार करेंगे।

जब हमारे गांव समृद्ध होंगे और लोग आत्मनिर्भर बनेंगे, तभी विकसित भारत का सपना वास्तविकता में बदलेगा। लगभग 400 वर्ष पुराने अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह मेला केवल व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, सदियों पुरानी परंपराओं, पारंपरिक व्यापारिक संबंधों, आपसी विश्वास और सामाजिक सौहार्द का उत्सव है।

उन्होंने कहा कि सदियों से यह मेला व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है तथा एकता, भाईचारे और साझा विरासत की भावना को सुदृढ़ करता आया है।
