गुरुग्रामः हरियाणा के गुरुग्राम में बढ़ रहे प्रदूषण को लेकर प्रशासन द्वारा सख्त निर्देश जारी किए गए है। दरअसल, जिलाधिकारी ने वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए एक आदेश जारी किया है। इसके तहत जिले के सभी होटल, रेस्तरां और खुले भोजनालयों में तंदूर में कोयला या लकड़ी के उपयोग पर तत्काल प्रतिबंध लगा है।
इन प्रतिष्ठानों को अब बिजली या गैस आधारित स्वच्छ ईंधन वाले उपकरणों का उपयोग करना होगा। उपायुक्त उत्तम सिंह ने अधिकारियों को दैनिक कार्रवाई रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। यह निर्देश वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के तहत जारी हुए हैं।
सीएक्यूएम ने 29 सितंबर 2026 को संशोधित ग्रेप अनुसूची जारी की थी, जिसमें यह प्रतिबंध शामिल है। कोयला और लकड़ी जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। गुरुग्राम नगर निगम और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को इसे सख्ती से लागू करने को कहा गया है।
