गुरुग्रामः हरियाणा के द्वारका एक्सप्रेसवे पर टोल कर्मचारियों की गुंडागर्दी का वीडियो सामने आया है। बिजवासन टोल प्लाजा पर मामूली कहासुनी के बाद टोल कर्मियों ने कार सवार एक परिवार पर बेरहमी से हमला कर दिया। हद तो तब हो गई जब कर्मचारियों ने लोहे का बूम बैरियर उठाकर कार में बैठे लोगों और बीच-बचाव करने उतरी महिला पर भी ताबड़तोड़ वार किए। परिवार चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन कर्मचारियों की दरिंदगी नहीं रुकी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अब दिल्ली की कापसहेड़ा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
View this post on Instagram
गुरुग्राम-द्वारका एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा से कर्मचारियों की दबंगई और गुंडागर्दी की एक खौफनाक तस्वीर सामने आई है। टोल टैक्स बूथ पर मामूली कहासुनी के बाद टोल कर्मचारियों ने मर्यादा और कानून की सभी हदें पार कर दीं। कर्मचारियों ने कार में सवार एक पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट का लाइव वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह टोल कर्मचारी आपा खोकर एक परिवार पर टूट पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाड़ियों की आवाजाही या टोल पर्ची को लेकर कार सवारों और कर्मचारियों के बीच मामूली सी बहस हुई थी। बात इतनी बढ़ी कि टोल कर्मियों ने दबंगई दिखाते हुए कार को घेर लिया और यात्रियों के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट शुरू कर दी।
हद तो तब हो गई जब कर्मचारियों ने गाड़ियों को रोकने के लिए लगे लोहे के भारी-भरकम बूम बैरियर को उखाड़कर कार और उसमें बैठे लोगों पर दे मारा। गाड़ी के अंदर मौजूद परिवार के लोग खुद को बचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन कर्मचारियों का तांडव जारी रहा। वहां मौजूद किसी राहगीर ने इस पूरी वारदात को अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल है।
बता दें कि इससे पहले यमुना एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर भी मारपीट का मामला सामने आया था। गुरुग्राम से सामने आए मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली की कापसहेड़ा थाना पुलिस ने संज्ञान लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल आरोपी टोल कर्मचारियों की पहचान की जा रही है। कापसहेड़ा पुलिस का दावा है कि कानून हाथ में लेने वाले दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
