ऊना। भगवान वाल्मीकि नौजवान सभा नंगल खुर्द की ओर से बुधवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लेते हुए करीब 35 यूनिट रक्तदान किया। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं ने मानवता की सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का सराहनीय संदेश दिया। शिविर की अध्यक्षता सभा के प्रधान नव बैंस ने की। कार्यक्रम में भाजपा नेता पुनीत मोदगिल और अधिवक्ता सुनील चौलिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इसके अलावा अधिवक्ता गौरव वर्मा , कुलबिन्द्र बैंस, कमल सैनी, राजीव राणा और अमित वाल्मीकि विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि पुनीत मोदगिल और अधिवक्ता सुनील चौलिया ने रक्तदान करने वाले युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। सभा के प्रधान नव बैंस एवं अन्य सदस्यों ने सभी रक्तदाताओं, मुख्य अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि नौजवान सभा भविष्य में भी रक्तदान शिविर सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। करीब 35 यूनिट रक्तदान के साथ शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
