पंचकूलाः दिवाली की रात पंचकूला और आसपास के इलाकों में पटाखों की आतिशबाजी के दौरान बड़ा हादसा देखने को मिला। रोशनी के त्योहार पर असावधानी और पटाखों के फटने से 40 से अधिक लोग झुलस गए। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित जिला नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां देर रात तक डॉक्टरों की टीम घायलों के उपचार में जुटी रही।
अस्पताल की इमरजेंसी में झुलसकर पहुंचने वालों में मासूम बच्चों से लेकर महिलाएं और बुजुर्ग तक शामिल हैं। अधिकतर मरीजों की आंखों, चेहरे, हाथ और पैरों पर पटाखे फटने की वजह से गंभीर चोटें आई हैं।
घायलों में अनिकेत (7 वर्ष) आंख में पटाखा लगने के कारण झुलसा, युवान ठाकुर (7 वर्ष) हाथ और पैर पर गंभीर रूप से झुलसा, आयांश (8 वर्ष) चेहरे पर पटाखे से जलने के निशान, अदीब उजमान (10 वर्ष) दाहिने हाथ में चोट आई, काव्यांश (12 वर्ष) दाहिना हाथ झुलसा, कार्तिक (13 वर्ष) आंख में पटाखा लगने से घायल, संस्कार (15 वर्ष) पूरा चेहरा झुलस गया, हर्षिता (18 वर्ष) सेक्टर 10 चेहरे पर गंभीर रूप से झुलसी, सनी 18 वर्ष आंख के ऊपर चोट पहुंची, नजराना हाथ में पटाखा फटने से झुलसी, शारदा वर्ष 22 हाथ झुलस गया, जनक लली आंख पर गंभीर चोट, उमेश (23 वर्ष) हाथ झुलस गया, समरूद (24 वर्ष) हाथ झुलसने पर भर्ती, राहुल मिश्रा (24 वर्ष) पटाखों की चपेट में आने से झुलसा, मनिंदर यादव (39 वर्ष) आंख में चोट लगने से इमरजेंसी पहुंचा, बलकार सिंह (42 वर्ष) दोनों आंखों और हाथ पर चोट, विवेक कुमार सिंह (47 वर्ष) हाथ झुलस गया और राजीव कुमार (52 वर्ष) आंख में आतिशबाजी का अंश लगने से झुलस गए।
अस्पताल की इमरजेंसी में अचानक इतनी बड़ी संख्या में बर्न केस पहुंचने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, अस्पताल प्रशासन की ओर से डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष टीमें तैनात की गई थीं, जिन्होंने मुस्तैदी दिखाते सभी मरीजों का प्राथमिक उपचार, ड्रेसिंग और आंखों का चेकअप किया। अधिकांश मरीजों को फर्स्ट-एड देने के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि कुछ को निगरानी में रखा गया है।
